6 जून 2020 - 16:57
अमरीकी राष्ट्रपति का दावा, भारत और चीन में जांच ही नहीं, अगर जांच हुई तो अमरीका से ज़्यादा मामले निकलेंगे

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि भारत और चीन जैसे देशों में अगर ज़्यादा जांच हो तो उनके यहां कोरोना वायरस के मामले अमरीका से ज़्यादा निकलेंगे।

डोनल्ड ट्रम्प ने एक कार्यक्रम में कहा कि अमरीका ने दो करोड़ जांच की जांच की है जबकि अमरीका की तुलना में जर्मनी ने 40 लाख और दक्षिण कोरिया ने लगभग 30 लाख जांच की है।

डोनल्ड ट्रम्प ने कहा कि यह याद रखने की आवश्यकता है कि जब आप ज़्यादा जांच करेंगे तो आप के यहां ज़्यादा मामले होंगे। उन्होंने कहा कि मैं अपने लोगों से कहना चाहता हूं कि आप के यहां ज्यादा मामले इसलिए हैं क्योंकि ज़्यादा लोगों की जांच की जा रही है। उनका कहना था कि हम चीन या भारत या अन्य स्थानों पर जांच करना चाहें तो मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि वहां ज़्यादा मामले होंगे।

डोनल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर चीन पर हमला करते हुए कहा कि वुहान को छोड़ चीन के दूसरे शहरों में कोरोना वायरस क्यों नहीं फैला? उन्होंने आरोप लगाया कि यह सच में एक दुश्मन है। यह चीन से आया है जिसे चीन में ही रोका जा सकता था। मगर उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि कोरोना वायरस के अदृश्य दुश्मन को हराने के लिए अमरीकी सरकार ने अपनी और अमेरिकी उद्योग की सारी ताकत झोंक दी है।